सीवान के जसौली में स्वास्थ्य उपकेंद्र का उद्घाटन, 23.52 करोड़ की लागत से 46 संस्थानों का शिलान्यास
एचपीवी टीकाकरण और आयुष्मान कार्ड को लेकर दिए अहम निर्देश, कहा – बेटी बचाओ, कैंसर से लड़ाओ
सीवान।
स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने रविवार को पचरुखी प्रखंड के जसौली गांव में नवनिर्मित स्वास्थ्य उपकेंद्र का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने 23 करोड़ 52 लाख की लागत से जिले के 46 स्वास्थ्य संस्थानों का शिलान्यास भी किया। समारोह में बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी शामिल हुए।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि पिछले छह महीनों में जितना कार्य हमारी सरकार ने स्वास्थ्य क्षेत्र में किया है, उतना कार्य शायद पूर्ववर्ती सरकारें 1990 से 2005 के बीच भी नहीं कर पाईं। उन्होंने कहा कि हमारा लक्ष्य केवल अस्पताल बनाना नहीं, बल्कि गांव-गांव में स्वास्थ्य सेवा को मजबूत करना है ताकि आम लोग छोटी-छोटी बीमारियों के लिए भी समय पर इलाज पा सकें।
50 बेड का प्री-फैब अस्पताल, 282 बेड का मॉडल अस्पताल भी तैयार
स्वास्थ्य मंत्री ने जानकारी दी कि सदर अस्पताल में 100 बेड का मॉडल अस्पताल और 100 बेड का मातृ शिशु अस्पताल (एमसीएच) पहले से बनकर तैयार है, और 82 बेड का अतिरिक्त निर्माण कार्य भी पूरा हो चुका है। इसके साथ ही 3.5 करोड़ की लागत से 50 बेड का प्री-फैब अस्पताल का भी शिलान्यास किया गया।
उन्होंने बताया कि जिन 46 स्वास्थ्य संस्थानों का शिलान्यास किया गया, उनमें महाराजगंज में 7, गोरेयाकोठी में 7, ज़िरादेई में 8, बड़हरिया में 7, दारौंदा में 7, रघुनाथपुर में 5, दरौली में 5 शामिल हैं। सदर अस्पताल में गंभीर बीमारियों की देखभाल के लिए विशेष अस्पताल भी प्रस्तावित है।
बेटियों को लेकर सरकार गंभीर, एचपीवी वैक्सीन को लेकर विशेष अभियान
स्वास्थ्य मंत्री ने सिविल सर्जन डॉ श्रीनिवास प्रसाद और डीपीएम विशाल कुमार सिंह को निर्देश दिए कि वे शिक्षा विभाग से समन्वय कर 9 से 14 वर्ष की आयु वर्ग की बेटियों वाले विद्यालयों को चिन्हित करें। वहां जाकर GNM और नर्सिंग स्टाफ के सहयोग से HPV वैक्सीन दिया जाए। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस महंगी वैक्सीन की खरीद की अनुमति दी है ताकि बच्चेदानी के कैंसर से बचाव हो सके।
“राशन कार्ड है तो आयुष्मान कार्ड जरूर बनवाएं”
मंत्री ने ग्रामीणों से अपील करते हुए कहा कि जिनके पास राशन कार्ड है, वे नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर या वसुधा केंद्र में जाकर मुफ्त इलाज के लिए 5 लाख तक की सुविधा वाला आयुष्मान कार्ड बनवाएं। उन्होंने कहा कि आयुष्मान योजना गरीबों के लिए वरदान है।
ग्रामीणों से बोले मंत्री – “हमार परिवार बीमार मत पड़ी”
भोजपुरी में लोगों को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा,
“हमरा घर-परिवार के लोग बीमार मत पड़ो, अगर कौनो तरीका से बीमार पड़ जाई त ओकर समुचित इलाज हो सके। एकरा खातिर हमनी सन पंचायत स्तर पर अस्पताल बनावत बानी।”
उन्होंने कहा कि सर्दी, खांसी, बुखार, ब्लड शुगर और बीपी जैसी छोटी जांच भी अब गांव में ही संभव है। इससे लोग समय पर इलाज करा सकेंगे।
स्वास्थ्य मंत्री ने खुद कराया रक्त जांच, एईएस किट बैग भी सौंपा
कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने खुद हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर में रक्त जांच कराई और उच्च रक्तचाप की जांच भी करवाई। इसके अलावा उन्होंने सिविल सर्जन डॉ श्रीनिवास प्रसाद और डॉ ओम प्रकाश लाल को एईएस से बचाव के लिए किट बैग सौंपा।
इन प्रमुख नेताओं और अधिकारियों की रही उपस्थिति
कार्यक्रम में स्थानीय सांसद विजय लक्ष्मी देवी, पूर्व विधायक रमेश सिंह कुशवाहा, विद्यालय कमलजीत सिंह उर्फ़ प्यार सिंह, विधायक अमरजीत कुशवाहा, विधान पार्षद मनोज सिंह, भाजपा नेता संजय पांडेय व राहुल तिवारी सहित स्वास्थ्य विभाग के कई अधिकारी उपस्थित रहे।