बाइक सवार तीन बदमाशों ने रतनपुरा के पास दिया वारदात को अंजाम, सीवान रेफर
सीवान (महाराजगंज)।
महाराजगंज थाना क्षेत्र के रतनपुरा गांव के पास शनिवार की शाम करीब 7:30 बजे बाइक सवार तीन हथियारबंद अपराधियों ने एक स्वर्ण व्यवसायी को लूट का शिकार बना लिया। लूट के दौरान विरोध करने पर बदमाशों ने उन्हें बाइक से धक्का देकर गिरा दिया, जिससे व्यवसायी गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना के संबंध में बताया गया कि गौर गांव निवासी प्रकाश कुमार सोनी, जो थाना क्षेत्र के आकाशीमोड़ बाजार में स्वर्ण व्यवसाय की दुकान चलाते हैं, शनिवार को रोज की तरह शाम 7 बजे दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान रतनपुरा गांव के समीप बाइक सवार तीन अपराधियों ने उन्हें ओवरटेक कर रोक लिया और हथियार दिखाकर डराया।
अपराधियों ने उन्हें जबरन गिराकर बाइक की डिक्की में रखे बैग से लगभग 2 लाख रुपये मूल्य के गहने और 2 लाख रुपये नगद लूट लिए और आकाशीमोड़ की ओर फरार हो गए। गिरने से प्रकाश कुमार सोनी के सिर में गंभीर चोट आई है।
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और परिजनों को जानकारी दी। परिजनों ने ग्रामीणों की मदद से घायल व्यवसायी को महाराजगंज अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें प्राथमिक इलाज के बाद सीवान सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना पाकर थानाध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह भी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। फिलहाल पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छानबीन में जुटी है।