नशे में धुत चालक ने ले ली जान, गांव में मचा कोहराम, पत्नी गर्भवती और मासूम बेटी अनाथ

ट्रैक्टर की चपेट में आकर मजदूर की दर्दनाक मौत, एक घायल

सिसवन (सीवान)।
थाना क्षेत्र के घुरघाट गांव में शुक्रवार की दोपहर दर्दनाक हादसे में एक मजदूर की ट्रैक्टर से दबकर मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान धनेश महतो (35 वर्ष), पिता डोमार महतो के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे गांव में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।

नशे में धुत चालक ने मचाया कहर
परिजनों के अनुसार गांव के ही पंकज यादव, जो कि रविंद्र यादव का पुत्र है, ने अपने ट्रैक्टर पर मकई का डंठल (ढ़ाठा) लादने के लिए कुछ मजदूरों को बुलाया था। मृतक धनेश और अन्य मजदूरों ने बताया कि चालक नशे की हालत में था और बार-बार मना करने के बावजूद वह ट्रैक्टर चलाता रहा। लोडिंग के दौरान पंकज यादव ने तेज गति में ट्रैक्टर मोड़ दिया, जिससे धनेश चक्का के नीचे आ गया और उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई।

एक मजदूर घायल, चालक फरार
घटना में एक अन्य मजदूर बलिंदर महतो घायल हो गया। हादसे के बाद चालक पंकज यादव ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। महिलाओं की चीख-पुकार से गांव में मातमी सन्नाटा छा गया।

मां और पत्नी का बुरा हाल, पांच साल की बेटी और अजन्मा बच्चा हुआ अनाथ
धनेश की पत्नी ममता देवी और मां हेवावंती देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पांच वर्षीया बेटी शिवानी कुमारी अनाथ हो गई, जबकि पत्नी गर्भवती है। मृतक के पिता डोमार महतो की भी वर्ष 2019 में आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई थी। अब परिवार पर एक और बड़ा संकट टूट पड़ा है।

पुलिस ने ट्रैक्टर जब्त कर शव भेजा पोस्टमार्टम को
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष राकेश कुमार दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर को जब्त कर लिया। शव को कब्जे में लेकर सिवान सदर अस्पताल पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि अब तक पीड़ितों की ओर से कोई आवेदन नहीं मिला है, आवेदन मिलते ही आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

गांव में पसरा मातम, लोग पहुंचे ढाढ़स बंधाने
घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई। बच्चे, बुजुर्ग, महिलाएं सभी घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। मृतक के घर पर ग्रामीणों की भीड़ जमा रही और सभी ने परिवार को ढाढ़स बंधाया।

Leave a Comment