अहिल्याबाई होलकर जयंती पर महिला मोर्चा ने चलाया स्वच्छता अभियान, ऐतिहासिक योगदानों को किया याद

गांधी मैदान पोखर में कार्यक्रम, महिलाओं की भागीदारी और योगदान पर डाला गया प्रकाश

सीवान।
भारतीय जनता महिला मोर्चा द्वारा शुक्रवार को रानी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती के अवसर पर सेवा पखवाड़ा के तहत शहर के गांधी मैदान पोखर में स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में ऐतिहासिक दृष्टि से रानी अहिल्याबाई होलकर के योगदानों को याद करते हुए महिलाओं को प्रेरित किया गया।

धार्मिक स्थलों के पुनर्निर्माण में रही अग्रणी
कार्यक्रम में भाजपा जिला उपाध्यक्ष चंद्र विजय प्रकाश यादव उर्फ हैप्पी यादव ने बताया कि रानी अहिल्याबाई होलकर ने देशभर के प्रमुख तीर्थ स्थलों पर मंदिरों, घाटों, कुओं, बावड़ियों का निर्माण और पुनर्निर्माण कराया। उन्होंने सोमनाथ और काशी विश्वनाथ मंदिर जैसे पवित्र स्थलों का जीर्णोद्धार कर धर्म और संस्कृति की सेवा की। साथ ही, विद्वानों के लिए मठ, शास्त्र अध्ययन भवन, अन्न क्षेत्र और प्याऊ की स्थापना कर समाजसेवा का उदाहरण प्रस्तुत किया।

महिला सशक्तिकरण की रही अग्रदूत
नगर परिषद उपाध्यक्ष श्रीमती किरण गुप्ता ने रानी अहिल्याबाई के महिला सशक्तिकरण में योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि उन्होंने महिलाओं के शिक्षा अधिकार और आत्मनिर्भरता के लिए जीवन पर्यंत कार्य किया। वे न्यायप्रिय थीं और आत्म प्रतिष्ठा के मोह से दूर रहकर सदैव समाज कल्याण में लगी रहीं।

स्वच्छता के प्रति दिया गया संदेश
कार्यक्रम में गांधी मैदान पोखर की सफाई कर समाज में स्वच्छता के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया। महिला मोर्चा की कार्यकर्ताओं ने इस अवसर पर जनभागीदारी की मिसाल पेश की।

उपस्थित रहे ये प्रमुख चेहरे

इस मौके पर कुंदन सिंह, सोनी गुप्ता, सुनीता जायसवाल, सीमा तिवारी, कंचन गुप्ता, आशा रंजन, रश्मि गिरी, प्रियंका भारती, बबीता गुप्ता समेत कई कार्यकर्ता एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Comment