एसपी ने आन्दर पुलिस कार्यालय का किया निरीक्षण, दिए अपराध नियंत्रण के निर्देश
सीवान। गुरुवार को पुलिस अधीक्षक अमितेश कुमार ने आन्दर स्थित पुलिस अंचल कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यालय में संधारित विभिन्न पंजीयों की गहनता से जांच की और कार्यप्रणाली की समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने अधिकारियों को अपराध नियंत्रण के लिए सतर्कता बरतने और समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने विधि व्यवस्था संधारण को प्राथमिकता देने की बात कही और थाने के अधिकारियों को नियमित रूप से जनता से संवाद बनाए रखने की सलाह दी।
पुलिस अधीक्षक ने कर्मचारियों को अनुशासन बनाए रखने, फाइलों का समुचित रखरखाव करने और शिकायतों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि आमजन में पुलिस के प्रति विश्वास बनाए रखने के लिए पारदर्शिता और संवेदनशीलता जरूरी है।
निरीक्षण के अंत में एसपी अमितेश कुमार ने कार्यालय की साफ-सफाई एवं व्यवस्था पर संतोष जताया और कर्मियों की कार्यशैली की सराहना भी की।