बड़गांव में जन सुराज की रणनीति पर मंथन: मुन्ना पांडेय के नेतृत्व में बैठक, प्रशांत किशोर 23-27 मई तक करेंगे बदलाव यात्रा
जन सुराज बदलाव यात्रा को लेकर बनी कार्ययोजना, 27 मई को जीरादेई में करेंगे जनसभा, डॉ. राजेंद्र प्रसाद को दी जाएगी श्रद्धांजलि
सीवान (मैरवा)।
जन सुराज बिहार बदलाव यात्रा के अंतर्गत जन सुराज की तैयारियों को लेकर रविवार को बड़गांव में एक बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता जन सुराज की प्रदेश कार्य समिति के सदस्य मुन्ना पांडेय ने की। इस दौरान जन सुराज के कार्यकर्ताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों के बीच आगामी कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
बैठक में प्रखंड अध्यक्ष प्रभु जी प्रसाद, भोला सिंह कुशवाहा, बड़गांव वार्ड संख्या 3 के वार्ड सदस्य दिलीप सिंह कुशवाहा, वार्ड संख्या 4 के नौशाद आलम, राजकुमार कुशवाहा, संतोष सिंह कुशवाहा, मैरवा नगर पार्षद प्रतिनिधि सद्दाम हुसैन, जन सुराजी अरविंद कुमार सिंह, रितेश कुशवाहा, तथा अनुमंडल उपाध्यक्ष अरविंद पांडेय शामिल हुए।
प्रशांत किशोर की यात्रा को लेकर उत्साह
बैठक में बताया गया कि जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर 23 मई से 27 मई तक सिवान जिले के दौरे पर रहेंगे। इस दौरान वे जन सुराज बदलाव यात्रा के तहत विभिन्न क्षेत्रों में जनसंपर्क करेंगे।
मैरवा प्रखंड के बभनौली में 26 मई को शाम 6 बजे जनसभा का आयोजन किया गया है। इसके बाद 27 मई को मैरवा नगर पंचायत, नौतन, बैंका मोड़, और तीतरा होते हुए वे भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद के पैतृक गांव जीरादेई पहुंचेंगे। वहां वे उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
जीरादेई में जनसभा, सीवान के लिए रवाना होंगे
कार्यक्रम के तहत 27 मई को दोपहर 1 बजे जीरादेई प्रखंड के बढ़ेया गांव में एक विशाल जनसभा का आयोजन भी किया जाएगा। इसके बाद प्रशांत किशोर सीवान के लिए रवाना होंगे। बैठक में स्थानीय कार्यकर्ताओं ने यात्रा की सफलता को लेकर रणनीति बनाई और लोगों को अधिक से अधिक संख्या में जोड़ने का आह्वान किया।