डॉ. आंबेडकर समग्र सेवा अभियान के तहत शनिवार को सभी 19 प्रखंडों में हुआ शिविर का आयोजन
जिले के 19 प्रखंडों के 125 महादलित टोलों में शनिवार को विशेष विकास शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन डॉ. आंबेडकर समग्र सेवा अभियान के तहत किया गया, जिसमें सरकार की विभिन्न योजनाओं से वंचित महादलित परिवारों को लाभ पहुंचाया गया।
14 अप्रैल से चल रही है सेवा अभियान की विशेष योजना
बता दें कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर 14 अप्रैल 2025 को ‘डॉ. आंबेडकर समग्र सेवा अभियान’ की शुरुआत की गई थी। इसके तहत जिले के सभी अनुसूचित जाति एवं जनजाति बहुल टोलों में पंचायत स्तर पर हर बुधवार और शनिवार को विकास शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
शिविर में ऑन स्पॉट निष्पादन, सैकड़ों को मिला त्वरित लाभ
शिविर से पहले प्राप्त हुए कई आवेदनों पर तत्काल कार्रवाई करते हुए ऑन स्पॉट निष्पादन किया गया। साथ ही, मौके पर मौजूद लोगों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
सरकार की ये प्रमुख योजनाएं बनीं आकर्षण का केंद्र
शिविर के दौरान निम्नलिखित योजनाओं पर त्वरित कार्रवाई की गई और सैकड़ों लोगों को लाभान्वित किया गया:
राशन कार्ड (सार्वजनिक वितरण प्रणाली), ई-श्रम कार्ड और बिहार भवन निर्माण बोर्ड में निबंधन, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत कार्ड/हेल्थ कैम्प, विद्यालय में दाखिला, प्रधानमंत्री आवास योजना, आंगनबाड़ी सेवाएं, बासगीत पर्चा, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, आधार कार्ड, कुशल युवा कार्यक्रम / कौशल विकास, हर घर नल-जल योजना, मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना, पक्की गली-नाली योजना, मनरेगा जॉब कार्ड, प्रधानमंत्री जन-धन / जीवन ज्योति / सुरक्षा बीमा योजना, बिजली कनेक्शन, जीविका समूह/सतत् जीविकोपार्जन योजना, मुख्यमंत्री टोला सम्पर्क योजना, स्वच्छ भारत मिशन और शौचालय योजना
युवाओं को बताया गया स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड और कुशल युवा कार्यक्रम के बारे में
शिविर में उपस्थित युवाओं को बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड योजना, मुख्यमंत्री निश्चय स्वयं सहायता भत्ता योजना और कुशल युवा कार्यक्रम के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई।
डीएम के निर्देश पर वरीय अधिकारी रहे मौजूद
डॉ. आंबेडकर समग्र सेवा अभियान के विकास शिविरों की निगरानी हेतु सिवान के जिला पदाधिकारी के निर्देशानुसार प्रखंड स्तर पर वरीय प्रभारी पदाधिकारी भी शिविरों में उपस्थित रहे और योजनाओं के कार्यान्वयन की स्थिति का जायजा लिया।
जनसंपर्क पदाधिकारी का बयान कन्हैया कुमार ने दी जानकारी
जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कन्हैया कुमार ने बताया कि शिविरों का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि महादलित समुदायों तक सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ पहुंचे। उन्होंने कहा कि यह अभियान अगले कई सप्ताह तक जारी रहेगा।