दीवारों पर लिखा ‘यहां वाहन लगाना सख्त मना है’, फिर भी दर्जनों बाइकें खड़ी, निगरानी नहीं
सीवान |
सीवान के अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) कार्यालय परिसर में “नो पार्किंग” का बोर्ड महज औपचारिकता बनकर रह गया है। परिसर की दीवारों पर साफ-साफ लिखा है —
“यहां वाहन लगाना सख्त मना है, पकड़े जाने पर दंडित किया जाएगा।”
लेकिन स्थिति यह है कि उसी दीवार के सामने दर्जनों बाइकें करीने से खड़ी होती हैं, जैसे यहां बाकायदा कोई पार्किंग की व्यवस्था हो।
आदेश तो है, पालन नहीं
स्थानीय लोगों का कहना है कि यह दृश्य हर दिन का है। प्रशासन ने आदेश तो जारी कर दिए, लेकिन उसका पालन सुनिश्चित करने के लिए न तो कोई निगरानी है, न कोई दंड की व्यवस्था। ऐसे में लोग बेखौफ होकर परिसर में वाहन पार्क कर देते हैं।
क्या खुद प्रशासन ही अपने आदेशों को नहीं मान रहा?
जब प्रशासनिक कार्यालयों में ही नियमों की अनदेखी होती है, तो आम जनता से कायदे-कानून के पालन की उम्मीद कैसे की जा सकती है? यह सवाल अब जिले के प्रशासनिक अनुशासन पर भी उंगली उठा रहा है।
एसडीओ का वर्जन
इस मामले में जब सीवान सदर एसडीओ सुनील कुमार से पूछा गया तो उन्होंने कहा:
“मामले की जानकारी मिली है। जांच करवाई जाएगी और यदि लापरवाही पाई गई तो उचित कार्रवाई होगी।”