Siwan crime news

शिक्षिका के पति के साथ लूटपाट और पिटाई: सुनसान जगह ले जाकर छीनी सोने की चेन, नकद और मोबाइल

बैंक खाते से भी ट्रांसफर किए पैसे, FIR दर्ज; स्थानीय लोगों में दहशत

नौतन (सीवान)
मैरवा थाना क्षेत्र के कबीरपुर गांव में एक शिक्षिका के पति के साथ लूटपाट और मारपीट की सनसनीखेज घटना सामने आई है। पीड़ित उत्तर प्रदेश के बरेली निवासी हितेश शर्मा हैं, जिनकी पत्नी सविता शर्मा स्थानीय मध्य विद्यालय में बीपीएससी शिक्षिका के पद पर कार्यरत हैं। दोनों पति-पत्नी किराए पर कबीरपुर गांव में रह रहे हैं।

बाइक पर बैठाकर ले गया सुनसान जगह

गुरुवार सुबह लगभग 10 बजे हितेश शर्मा खाता खुलवाने के लिए मैरवा जा रहे थे, तभी एक अनजान युवक उनके पास बाइक लेकर आया और उन्हें साथ चलने का प्रस्ताव दिया। हितेश ने उसे परिचित समझ कर हामी भर दी। युवक ने लंगड़ा मोड़ के पास से बाइक को उत्तर दिशा की ओर मोड़ दिया। पूछने पर उसने जवाब दिया कि “इधर से भी रास्ता है, मैं जानता हूं।”

खंडहर में पहले से मौजूद थे तीन और युवक

कुछ दूरी पर एक पुराने बरगद के पेड़ के पास पहुंचकर युवक ने बाइक रोकी, जहां पहले से तीन युवक मौजूद थे। चारों ने मिलकर हितेश को एक खंडहरनुमा मकान में ले जाकर पीटना शुरू कर दिया।

लूट के बाद जबरन बैंक ऐप से भी ट्रांसफर कराए पैसे

हमलावरों ने हितेश से सोने की चेन, ₹20 हजार नकद और मोबाइल फोन छीन लिया। फिर मोबाइल का पासवर्ड पूछकर बैंक ऐप का क्यूआर कोड इस्तेमाल कर खाते से पैसे ट्रांसफर कर लिए। विरोध करने पर पीड़ित को और पीटा गया।

झाड़ियों में फेंक कर फरार हुए आरोपी

हमलावरों ने हितेश को पास की झाड़ियों में फेंक दिया और फरार हो गए। किसी तरह राहगीरों की मदद से उन्होंने पत्नी, स्कूल के प्रधानाध्यापक और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची नौतन पुलिस ने पीड़ित को स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया।

दो नामजद आरोपियों के खिलाफ FIR दर्ज

पीड़ित ने खलवां गांव के आर्यन उर्फ चीकू राय और बंटी राय को नामजद किया है। नौतन थाना प्रभारी उमेश कुमार पासवान ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की तलाश जारी है।

इलाके में दहशत, पुलिस गश्त की मांग

इस घटना के बाद स्थानीय लोग डरे हुए हैं। लोगों ने पुलिस से इलाके में गश्त बढ़ाने और जल्द से जल्द अपराधियों को पकड़ने की मांग की है।

Leave a Comment