सीवान के वार्ड 30 की जमीनी हकीकत: जयप्रकाश नगर और दीनदयाल नगर की जर्जर सड़कें कर रही विकास की पोल खोल

सीवान (नगर परिषद वार्ड संख्या 30)। जयप्रकाश नगर और दीनदयाल नगर जैसे घनी आबादी वाले इलाके नगर परिषद के वार्ड संख्या 30 में आते हैं। इस वार्ड की जिम्मेदारी पार्षद उर्मिला देवी के पास है, लेकिन सड़क और नालियों की हालत देखकर ऐसा नहीं लगता कि यहां कोई जनप्रतिनिधि मौजूद है।

हर साल बजट पास, लेकिन हालात जस के तस
नगर थाना रोड, जो इस क्षेत्र की मुख्य सड़क है, पर हर साल लाखों रुपये के बजट से मरम्मत कार्य का दावा किया जाता है। फिर भी सड़कें संकरी, नालियां जाम और पैदल चलना तक मुश्किल बना हुआ है। पेवर ब्लॉक का काम अधूरा पड़ा है, जिससे जाम की समस्या और बढ़ गई है।

स्थानीय लोगों का आरोप: सिर्फ खानापूर्ति हो रही है
जयप्रकाश नगर निवासी रामप्रवेश यादव कहते हैं, “हर साल विकास के नाम पर फाइलें बनती हैं, लेकिन ज़मीनी सच्चाई वही रहती है। सिर्फ तिजोरी भरने का काम होता है।”
वहीं, दीनदयाल नगर की आनंदी देवी बताती हैं, “बारिश में घर से निकलना तक मुश्किल हो जाता है। कीचड़ से भरी सड़कें बच्चों और बुजुर्गों के लिए खतरा बन जाती हैं।”

पारदर्शिता पर उठे सवाल, नगर परिषद बनी मौन
लोगों का कहना है कि ठेकेदार और पार्षद की मिलीभगत से कागज़ी खानापूर्ति की जाती है। निरीक्षण या फॉलो-अप की कोई व्यवस्था नहीं है। नगर परिषद की चुप्पी और पार्षद प्रतिनिधि का ढुलमुल रवैया जनता के बीच गहरा असंतोष पैदा कर रहा है।

प्रतिनिधि ने दिए आश्वासन, काम जल्द शुरू होने का दावा
पार्षद उर्मिला देवी के पति एवं प्रतिनिधि दिलीप कुमार ने बताया कि थाना रोड में नाला निर्माण का वर्क ऑर्डर पास हो चुका है। आईसीसी नाला और शाहिद सराय सौंदर्यीकरण समेत पेवर ब्लॉक कार्य जल्द शुरू होंगे।

जनता का सवाल कायम: आखिर कब सुधरेगा वार्ड 30?
लंबे समय से विकास कार्यों के नाम पर आश्वासन सुन रही जनता अब जवाब चाहती है। लोगों की मांग है कि योजनाओं को धरातल पर उतारा जाए, पारदर्शिता लाई जाए और नगर परिषद जवाबदेह बने।

Leave a Comment