गुप्त सूचना पर हुई कार्रवाई, शराब माफिया रिंकु पांडेय का सिंडिकेट चला रहा था तस्करी; चालक को मिले थे ₹5000
सीवान | रविवार रात एक बार फिर पुलिस ने शराब माफिया के मंसूबों पर पानी फेर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर जीबी नगर थाना पुलिस ने भारी मात्रा में अवैध शराब जब्त कर तस्करी में संलिप्त दो लोगों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई उस वक्त हुई जब शराब से लदी एक स्कार्पियो वाहन पुलिस जांच से बचने के चक्कर में अनियंत्रित होकर नहर में पलट गई। इसके बाद पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
शराब माफिया रिंकु पांडेय के सिंडिकेट की थी गाड़ी
जानकारी के अनुसार, जीबी नगर पुलिस को सूचना मिली थी कि कुख्यात शराब तस्कर रिंकु पांडेय और उनके सिंडिकेट की एक गाड़ी भारी मात्रा में शराब लेकर यूपी से सीवान के सीमावर्ती क्षेत्र की ओर आ रही है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष ने चौकसी बढ़ा दी और जीबी नगर चौक के पास विशेष वाहन चेकिंग अभियान शुरू किया।
पुलिस चेकिंग देख भागने लगा स्कार्पियो, नहर में जा गिरी
रात करीब समय के दौरान एक सफेद रंग की स्कार्पियो काफी तेज रफ्तार से चौक की ओर बढ़ रही थी। जैसे ही चालक ने पुलिस चेकिंग देखी, उसने गति और बढ़ा दी और चेकिंग प्वाइंट से बचने की कोशिश में गाड़ी को नहर की ओर मोड़ दिया। इस दौरान वाहन अनियंत्रित होकर नहर में जा पलटी।
मौके से 672.580 लीटर विदेशी शराब जब्त
पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए मौके से चालक व एक अन्य व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। जब गाड़ी की तलाशी ली गई तो उसमें से कुल 672.580 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। साथ ही, एक सफेद स्कार्पियो गाड़ी और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
₹5000 में कर रहे थे शराब की तस्करी
गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि यह गाड़ी रिंकु पांडेय के सिंडिकेट की है और उन्हें शराब सीवान पहुंचाने के बदले ₹5000 दिए गए थे। दोनों युवक शराब तस्करी में शामिल थे और इसी गाड़ी के जरिए बड़े पैमाने पर शराब की खेप पहुंचाई जा रही थी।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण
रामबाबू यादव (चालक), उम्र- 24 वर्ष, पिता- रविंद्र यादव, निवासी- मलाही, थाना- कुचायकोट, जिला- गोपालगंज।
आनंद यादव, उम्र- 20 वर्ष, पिता- कमलदेव यादव, निवासी- सेमरी, थाना- नौतन, जिला- सीवान।
बरामद सामान
विदेशी शराब – 672.580 लीटर
उजला रंग का स्कार्पियो वाहन – 01
मोबाइल फोन – 02पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और रिंकु पांडेय के नेटवर्क पर शिकंजा कसने की तैयारी में है।