हरदोबारा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर को मिला राज्य स्तरीय एनक्यूएएस प्रमाणपत्र, अब राष्ट्रीय स्तर पर होगा मूल्यांकन
84% स्कोर के साथ सिवान जिले को मिली बड़ी उपलब्धि, ग्रामीणों को मिलेगी और बेहतर स्वास्थ्य सुविधा
सीवान।
जिले के बड़हरिया प्रखंड अंतर्गत हरदोबारा स्थित हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर (एचडब्ल्यूसी) ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की है। स्वास्थ्य सेवा की गुणवत्ता परखने के लिए बनाए गए राष्ट्रीय गुणवत्ता आश्वासन मानक (NQAS) के तहत इस केंद्र को राज्य स्तरीय प्रमाणीकरण मिला है। यह जानकारी सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने दी। उन्होंने बताया कि जल्द ही इस केंद्र का राष्ट्रीय स्तर पर मूल्यांकन कर नेशनल एनक्यूएएस प्रमाणपत्र के लिए प्रस्ताव भेजा जाएगा।
ग्रामीणों को मिलेगी उन्नत स्वास्थ्य सेवा
ग्रामीण इलाकों में उच्च गुणवत्ता वाली स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता रही है। हरदोबारा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर इस दिशा में एक उदाहरण बनकर उभरा है। इस केंद्र को 84 प्रतिशत अंक मिलने के बाद राज्य स्वास्थ्य समिति ने इसे प्रमाणित किया है। अब इसे राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप तैयार किया जा रहा है।
टीम ने किया साफ-सफाई, इलाज की प्रक्रिया और उपकरणों का मूल्यांकन
राज्य स्तरीय टीम ने अस्पताल में मरीजों को मिल रही सुविधाओं, साफ-सफाई, इलाज की प्रक्रिया, उपकरणों की उपलब्धता, रोगी संतुष्टि और मानक संचालन प्रक्रियाओं का गहन मूल्यांकन किया। इस पूरी प्रक्रिया में सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारी मनीषा कुमारी, बीएचएम अंजनी कुमार, एएनएम रूपम कुमारी सहित कई कर्मियों का अहम योगदान रहा।
राष्ट्रीय स्तर पर भेजा जाएगा प्रस्ताव
जिला सलाहकार गुणवत्ता यक़ीन (डीसीक्यूए) डॉ. अभिमन्यु कुमार ने बताया कि अब हरदोबारा एचडब्ल्यूसी को नेशनल एनक्यूएएस प्रमाणीकरण के लिए नामांकित किया जाएगा। इसके लिए जिला स्वास्थ्य समिति, चिकित्सा अधिकारी और सहयोगी संस्था पिरामल स्वास्थ्य की मदद से आवश्यक दस्तावेज और तैयारियां की जा रही हैं।
डीपीएम ने गिनाईं केंद्र की विशेषताएं
जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) विशाल कुमार सिंह ने बताया कि इस केंद्र पर ओपीडी-आईपीडी सुविधा के साथ-साथ गैर संचारी रोगों (जैसे टीबी, फाइलेरिया, कालाजार) की जांच और उपचार की भी सुविधा उपलब्ध है। ये सभी सेवाएं तय मानकों के अनुरूप उपलब्ध कराई जा रही हैं।
जल्द होगी नेशनल टीम की विज़िट
सिविल सर्जन डॉ. श्रीनिवास प्रसाद ने बताया कि राज्य स्तर की सफलता के बाद अब नेशनल टीम हरदोबारा हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर का मूल्यांकन करेगी। मूल्यांकन में सफल होने के बाद यह केंद्र राष्ट्रीय एनक्यूएएस प्रमाणपत्र प्राप्त करने वाला जिले का एक और गौरवशाली संस्थान बन जाएगा।
जिले के लिए गर्व का क्षण
हरदोबारा एचडब्ल्यूसी की यह उपलब्धि सिवान जिले के लिए गर्व की बात है। यह उपलब्धि यह दर्शाती है कि ग्रामीण इलाकों में भी सरकारी प्रयासों और स्वास्थ्यकर्मियों की प्रतिबद्धता से उच्च गुणवत्ता की स्वास्थ्य सेवा सुनिश्चित की जा सकती है।