गर्दन रेत कर हत्या, कपड़ा ठूंसा गया मुंह में, पुलिस ने शव भेजा पोस्टमार्टम को
सीवान (सिसवन)।
सिसवन थाना क्षेत्र के चांदपुर और तिलौता गांव के बीच स्थित वितरणी नहर सोमवार की सुबह एक बार फिर सनसनी का कारण बन गई। अहले सुबह शौच के लिए गए ग्रामीणों ने जब नहर में एक महिला की लाश तैरती देखी तो इलाके में हड़कंप मच गया। कुछ ही देर में घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई।
सूचना पर सिसवन थानाध्यक्ष राकेश कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिवान सदर अस्पताल भेज दिया।
महिला की हुई बेरहमी से हत्या, पहचान में जुटी पुलिस
थानाध्यक्ष राकेश कुमार ने बताया कि महिला की उम्र करीब 32 वर्ष है। शव की स्थिति से स्पष्ट है कि उसकी हत्या गर्दन रेतकर की गई है, और मुंह में कपड़ा ठूंसने के भी सबूत मिले हैं। पुलिस ने महिला की पहचान के लिए जिले के विभिन्न थानों को सूचना भेज दी है।
उन्होंने बताया कि “हम एक-एक बिंदु पर जांच कर रहे हैं। यह हत्या किसने और क्यों की, इस दिशा में भी तेजी से काम हो रहा है।”
तीन महीने में तीसरी हत्या, सवालों के घेरे में प्रशासन
इस घटना ने एक बार फिर चांदपुर नहर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़ा कर दिया है। बता दें कि बीते 14 मार्च (होली) के दिन भी चांदपुर वितरणी नहर के पास एक महिला और बाइक सवार युवक पर हमला हुआ था। युवक की पहचान सारण के मांझी थाना अंतर्गत हिमादपुर बिनटोला निवासी अरुण कुमार प्रसाद के रूप में हुई थी। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे और इलाज के दौरान मौत हो गई थी।
इस मामले में तीन लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया गया, लेकिन अब तक एक भी गिरफ्तारी नहीं हुई।
7 मई को रामपुर में भी हुई थी अंधाधुंध फायरिंग में हत्या
महज कुछ दिन पहले, 7 मई की मध्यरात्रि को रामपुर गांव में हथियारबंद बाइक सवार अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर जनार्दन यादव की हत्या कर दी थी। इस मामले में भी आधा दर्जन से ज्यादा लोगों को अभियुक्त बनाया गया, लेकिन पुलिस के हाथ अब तक खाली हैं।
“हर माह हत्या और हर बार पुलिस की निष्क्रियता”
लगातार हो रही हत्याओं से इलाके में दहशत है। ग्रामीणों का कहना है कि हर महीने कोई न कोई हत्या हो रही है लेकिन स्थानीय पुलिस की कार्रवाई सिर्फ कागजों तक सीमित रह गई है। अपराधियों में कानून का खौफ नहीं दिख रहा। स्थानीय लोगों की मांग – इलाके में बढ़ाई जाए गश्त, सीसीटीवी कैमरे लगें
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि चांदपुर वितरणी नहर और आसपास के संवेदनशील इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाई जाए और सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
पुलिस की अपील – अगर किसी को महिला की पहचान की जानकारी हो तो दें सूचना
पुलिस ने अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति महिला की पहचान कर सके या उसकी गुमशुदगी से जुड़ी जानकारी रखता हो तो सिसवन थाना या नजदीकी पुलिस स्टेशन से संपर्क करे।