Siwan- सिसवन की प्रमुख खबरें

आपसी विवाद में मारपीट, महिला घायल

सिसवन।
चैनपुर थाना क्षेत्र के चैनपुर गांव में मंगलवार सुबह आपसी विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जिसके दौरान एक महिला घायल हो गई। घायल महिला की पहचान लक्ष्मण मांझी की पत्नी पूनम देवी के रूप में की गई है।
घटना के बाद परिजनों ने पूनम देवी को इलाज के लिए रेफरल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार किया गया। पीड़िता ने घटना की सूचना चैनपुर थाना पुलिस को दे दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


सड़क दुर्घटना में बाइक चालक घायल

सिसवन।
थाना क्षेत्र के चांदपुर गांव के समीप सिसवन-सिवान स्टेट हाईवे पर सोमवार देर शाम एक सड़क दुर्घटना में बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल व्यक्ति की पहचान सरौत गांव निवासी ठाकुर जी ठाकुर के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल रेफरल अस्पताल सिसवन ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।


महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन, सरकारी योजनाओं की दी गई जानकारी

सिसवन।
प्रखंड क्षेत्र के भागर और कचनार गांव में मंगलवार को महिला संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में गांव की महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और अपने विचार व अनुभव साझा किए।

मौके पर सिसवन प्रखंड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार, जीविका ब्लॉक कोऑर्डिनेटर उमेश कुमार तिवारी, सतीश कुमार सिंह समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को सतत जीविकोपार्जन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना (पीएमएवाई), नल-जल योजना समेत सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई।

एलईडी स्क्रीन के माध्यम से योजनाओं की जानकारी साझा की गई और महिलाओं को इनसे जुड़ने के लिए प्रेरित किया गया। कई महिलाओं ने आत्मनिर्भर बनने की दिशा में अपने अनुभव सुनाए और योजनाओं से लाभान्वित होने की इच्छा जताई।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को जागरूक करना और उनकी समस्याओं का समाधान करना था। कार्यक्रम में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी उत्साहवर्धक रही।

Leave a Comment