प्रतिभावान खिलाड़ियों के चयन हेतु शिक्षा व खेल विभाग की संयुक्त पहल
सीवान।
राज्य के सरकारी विद्यालयों में अध्ययनरत प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को मंच प्रदान करने तथा उनके चयन की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने के उद्देश्य से संकुल स्तरीय ‘मशाल प्रतियोगिता’ का आयोजन आगामी 22, 23 एवं 24 मई 2025 को किया जाएगा। यह जानकारी जिलाधिकारी मुकुल कुमार गप्ता ने आयोजित एक बैठक में दी।
यह प्रतियोगिता शिक्षा विभाग, खेल विभाग एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण, पटना के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित की जा रही है। इसका उद्देश्य अंडर-14 एवं अंडर-16 आयु वर्ग के बालक/बालिकाओं को उचित अवसर प्रदान कर उनकी प्रतिभा को राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाना है।
इससे पूर्व, विद्यालय स्तरीय मशाल प्रतियोगिता का सफल आयोजन 25, 26 एवं 27 अप्रैल 2025 को संपन्न हुआ था, जिसमें विभिन्न खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली टीमों का चयन किया गया। अब चयनित प्रतिभागी टीमों के बीच संकुल स्तर पर प्रतिस्पर्धा आयोजित की जा रही है।
मंगलवार को आयोजित बैठक में जिला प्रशासन द्वारा सभी संकुल समन्वयकों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने संकुल क्षेत्रों में प्रतिभागियों की सहभागिता सुनिश्चित करें। साथ ही, प्रतियोगिता स्थलों पर फर्स्ट एड किट, ग्लूकोज, ओआरएस आदि की अनिवार्य व्यवस्था करने को भी कहा गया है।
प्रतियोगिता के सफल आयोजन तथा प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन हेतु व्यापक प्रचार-प्रसार भी कराया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक अभिभावक खेलों के प्रति रुचि लें और अपने बच्चों को इस दिशा में प्रेरित करें।
संकुल स्तरीय प्रतियोगिता के पश्चात प्रखंड स्तरीय प्रतियोगिता के लिए प्रतिभागियों की सूची तैयार की जाएगी। बच्चों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए सभी संकुल समन्वयकों को यह भी निर्देशित किया गया है कि वे संबंधित स्थानीय थाना व स्वास्थ्य केंद्र को प्रतियोगिता की जानकारी अनिवार्य रूप से दें।
इस संबंध में जानकारी देते हुए जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कन्हैया कुमार ने बताया कि यह प्रतियोगिता न केवल प्रतिभाओं को सामने लाने का मंच है, बल्कि सरकारी विद्यालयों में खेल संस्कृति को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।