स्टेट ग्रैपलिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीत सिमरन ने किया सिवान का नाम रोशन

बिहार का करेंगी नेशनल स्तर पर प्रतिनिधित्व, अब तक जीत चुकी हैं 14 पदक

सीवान/जीरादेई।
देशरत्न डॉ. राजेन्द्र प्रसाद की जन्मस्थली सिवान जिले की धरती एक बार फिर गौरवान्वित हुई है। जीरादेई प्रखंड के हसुंआ गांव की सिमरन राय ने 11वीं जूनियर ग्रैपलिंग स्टेट चैंपियनशिप – 2025 में दो स्वर्ण पदक जीतकर जिले और राज्य का नाम रोशन किया है।

दीपक राय की पुत्री सिमरन ने 48 किलोग्राम भार वर्ग के अंडर-15 वर्ग में गी ग्रैपलिंग और नो-गी ग्रैपलिंग दोनों ही प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करते हुए पटना, लखीसराय और गया (गयाजी) की खिलाड़ियों को पराजित किया। उन्होंने पटना की खिलाड़ी को नॉकआउट, लखीसराय की खिलाड़ी को 0-8, और गया की खिलाड़ी को 1-9 से हराकर दोनों वर्गों में स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया।

यह प्रतियोगिता 17 से 18 मई के बीच वीएन शर्मा ग्राउंड, दानापुर में आयोजित हुई थी। जीत के बाद जब सिमरन सिवान लौटीं, तो उनके गांव और जिले में बधाई देने वालों का तांता लग गया। परिजन, शिक्षक और ग्रामीण इस उपलब्धि पर गौरव का अनुभव कर रहे हैं।

सिमरन के माता-पिता ने कहा, “बेटियों को यदि सही अवसर और मंच मिले तो वे भी हर क्षेत्र में कमाल कर सकती हैं।” उन्होंने सिवान की सभी बेटियों को आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

सिमरन पिछले तीन वर्षों से लगातार कड़ी मेहनत और संघर्ष के साथ इस खेल में सक्रिय हैं। अब तक उन्होंने राज्य और जिला स्तर पर कुल 14 पदक हासिल किए हैं, जिनमें 10 स्वर्ण, 2 रजत और 2 कांस्य पदक शामिल हैं।

गौरतलब है कि सिमरन का चयन अब 29 मई से 1 जून 2025 के बीच नासिक, महाराष्ट्र में होने वाली नेशनल ग्रैपलिंग चैंपियनशिप के लिए किया गया है, जहाँ वे बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगी।

Leave a Comment