सवान विग्रह गांव में होगा हनुमंत प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ और श्रीराम कथा

सवान विग्रह गांव में होगा हनुमंत प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ और श्रीराम कथा

28 मई से प्रारंभ होगा महायज्ञ, 1 जून से 3 जून तक चलेगी श्रीराम कथा; पूज्य श्री राजन जी महाराज करेंगे कथा वाचन


दरौंदा प्रखंड के सवान विग्रह गांव में धार्मिक आयोजन की तैयारियां पूर्ण, स्थानीय श्रद्धालुओं में उत्साह

सीवान। दारौंदा प्रखंड के सवान विग्रह गांव में इस महीने एक भव्य धार्मिक आयोजन होने जा रहा है। गांव में श्री हनुमंत प्राण प्रतिष्ठा महायज्ञ और श्री राम कथा का आयोजन 28 मई 2025, बुधवार से शुरू होगा। यज्ञ का आयोजन पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ किया जाएगा।

श्री राम कथा का शुभारंभ 1 जून 2025 से 3 जून 2025 तक होगा, जो प्रतिदिन शाम 5:00 बजे से रात 10:00 बजे तक चलेगा। इस धार्मिक अनुष्ठान में कथावाचक पूज्य श्री राजन जी महाराज भक्तों को भगवान श्रीराम की दिव्य लीला सुनाएंगे।

गांव के लोगों में श्रद्धा और भक्ति का माहौल

इस आयोजन की विशेष बात यह है कि यह सवान विग्रह गांव निवासियों राहुल सिंह, डॉ. अखिलेश सिंह, कृष्ण सिंह और ममता सिंह के संयुक्त प्रयासों से किया जा रहा है। आयोजन को लेकर गांव में विशेष तैयारी की जा रही है। पंडाल निर्माण, रसोई व्यवस्था, सत्संग स्थल की सजावट तथा सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय लोगों में उत्साह देखने को मिल रहा है।

धार्मिक और सांस्कृतिक चेतना को जागृत करेगा यह आयोजन

सावन विग्रह गांव में पहली बार इतने बड़े स्तर पर यह आयोजन हो रहा है, जिससे न सिर्फ गांव बल्कि आसपास के इलाकों में भी आध्यात्मिक ऊर्जा का संचार होगा। आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से इस आयोजन में सपरिवार सम्मिलित होकर पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।

भंडारे की भी व्यवस्था, भक्तों को मिलेगा प्रसाद

पूरे यज्ञ और कथा आयोजन के दौरान आने वाले श्रद्धालुओं के लिए विशेष भंडारे की भी व्यवस्था की गई है। आयोजन समिति ने बताया कि यह कार्यक्रम पूरी तरह लोकसेवा और जनकल्याण की भावना से प्रेरित है।

Leave a Comment