खरीफ सिंचाई 2025 की तैयारी

खरीफ सिंचाई 2025 की तैयारी शुरू: सीवान परिक्षेत्र की योजनाओं की हुई समीक्षा, मंत्री ने दिए समय पर काम पूरा करने के निर्देश

समीक्षा बैठक में हुई योजनाओं की प्रगति की समीक्षा, दो योजनाओं पर काम शुरू, 1.07 करोड़ की लागत, पिछली कटानों की मरम्मत पूरी

सीवान
खरीफ सिंचाई 2025 को लेकर जल संसाधन विभाग द्वारा आयोजित अहम बैठक में सीवान परिक्षेत्र की योजनाओं की गहन समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता जल संसाधन मंत्री विजय कुमार चौधरी ने की। बैठक में विभागीय तैयारियों, स्वीकृत योजनाओं और अब तक की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में बताया गया कि शीर्ष 2700 मद के अंतर्गत दो योजनाओं को प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। इन योजनाओं पर कार्य प्रारंभ हो चुका है और यह दो प्रमंडलों में क्रियान्वित की जा रही हैं। कुल मिलाकर इनकी लागत ₹1.0752 करोड़ है। इसके साथ ही पिछले वर्ष के चार स्थानों पर हुए कटानों की मरम्मत का कार्य भी पूर्ण कर लिया गया है।

मंत्री विजय कुमार चौधरी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी कार्य तय समय सीमा में और गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरे किए जाएं। उन्होंने सख्त लहजे में कहा कि किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

प्रधान सचिव संतोष कुमार मल्ल ने निर्देश दिया कि कार्यों की निगरानी जियोटैगिंग फोटोग्राफ के माध्यम से सुनिश्चित की जाए और प्रगति की नियमित रिपोर्टिंग की जाए।

बैठक में अपर सचिव नवीन, अपर सचिव पवन कुमार सिन्हा, अभियंता प्रमुख (मुख्यालय) शरद कुमार, अभियंता प्रमुख (सिंचाई सृजन) अवधेश कुमार, मुख्य अभियंता (योजना एवं मॉनिटरिंग) ब्रजेश मोहन सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Comment