सीवान। जिले के प्रसिद्ध ईएनटी सर्जन डॉ. धीरेन कुमार ने शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री रामनाथ ठाकुर से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने सीवान शहर की दो प्रमुख समस्याओं—कचहरी ढाला पर ओवरब्रिज निर्माण और बेहतर चिकित्सा व्यवस्था—को लेकर गंभीरता से चर्चा की।
डॉ. कुमार ने कहा कि कचहरी ढाला पर रोजाना जाम और दुर्घटनाओं की समस्या आम हो गई है। ऐसे में वहां एक ओवरब्रिज का निर्माण बेहद जरूरी है, जिससे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त किया जा सके और आमजन को राहत मिले।
इसके साथ ही उन्होंने जिले की चिकित्सा व्यवस्था पर भी चिंता जताई। डॉ. कुमार ने बताया कि सदर अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की भारी कमी है, जिससे मरीजों को बेहतर इलाज के लिए पटना या अन्य बड़े शहरों का रुख करना पड़ता है। उन्होंने केंद्रीय मंत्री से सीवान में एक उच्चस्तरीय अस्पताल की स्थापना की मांग की, जिसमें आधुनिक संसाधन और विशेषज्ञ डॉक्टर उपलब्ध हों।
मंत्री रामनाथ ठाकुर ने डॉ. कुमार की बातों को गंभीरता से सुना और आश्वासन दिया कि वे इन दोनों मुद्दों को संबंधित विभागों के समक्ष मजबूती से उठाएंगे।
डॉ. कुमार की इस पहल की शहरवासियों ने सराहना की है और उम्मीद जताई है कि इससे सीवान के विकास को नई दिशा मिलेगी।