सरयू में डूबे बुजुर्ग राजीत यादव का 24 घंटे बाद भी सुराग नहीं, रेस्क्यू में जुटी SDRF और गोताखोर टीम

सीवान (दरौली)। दरौली थाना क्षेत्र के डुमरहर बुजुर्ग (भीटा टोला) गांव निवासी 65 वर्षीय राजीत यादव शनिवार की शाम सरयू नदी में डूब गए। 24 घंटे बीत जाने के बाद भी उनका शव बरामद नहीं हो पाया है। SDRF और गोताखोरों की टीमें लगातार नदी में तलाशी अभियान चला रही हैं, लेकिन अब तक सफलता नहीं मिली। घटना के बाद गांव में शोक और चिंताजनक माहौल है।

दियारा से लौटते समय नदी में डूबे
बताया जाता है कि राजीत यादव प्रतिदिन की तरह अपनी भैंस चराने सरयू नदी पार कर दियारा क्षेत्र गए थे। लौटते समय वे भैंस की पूंछ पकड़कर नदी पार कर रहे थे, तभी हाथ फिसल गया और वे तेज बहाव में बह गए। देखते ही देखते वह गहरे पानी में समा गए।

साथी चरवाहों ने किया था बचाने का प्रयास
राजीत यादव के साथ मौजूद अन्य चरवाहों ने डूबते हुए उन्हें बचाने की कोशिश की, लेकिन नदी की गहराई और तेज धारा के कारण वे सफल नहीं हो सके।

स्थानीय तैराकों ने शुरू की थी तलाश
घटना के तुरंत बाद ग्रामीणों ने गांव के तैराक युवकों की मदद से नदी में शव की तलाश शुरू की। शनिवार देर रात तक चले प्रयासों के बावजूद सफलता नहीं मिली।

रेस्क्यू अभियान में SDRF और गोताखोर जुटे
सीओ विद्याभूषण कुमार के निर्देश पर रविवार सुबह SDRF की टीम मौके पर पहुंची और बोट के सहारे नदी में सघन तलाशी शुरू की गई। साथ ही गुठनी से भी प्रशिक्षित गोताखोरों की टीम बुलाई गई, जो लगातार अभियान चला रही है।

परिजनों का बुरा हाल, गांव में पसरा मातम
राजीत यादव के परिवार में पत्नी सोनामति देवी और तीन पुत्र हैं। दो बेटे बाहर रहकर नौकरी करते हैं, जबकि सबसे छोटा पुत्र लालसाहब यादव गांव में है और पिता की तलाश में लगातार लगे हुए हैं। मां सोनामति देवी का रो-रो कर बुरा हाल है। पूरे गांव में मातमी सन्नाटा छाया हुआ है और लोग हर पल शव मिलने की उम्मीद में टकटकी लगाए बैठे हैं।

Leave a Comment