पनिसरा में सड़क हादसे में मजदूर की मौत, शव पहुंचा सीवान पोस्टमार्टम के लिए
सीवान (बड़हरिया)।
बड़हरिया थाना क्षेत्र के पनिसरा जिगना चौक के पास शुक्रवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। मृतक की पहचान बदरजीमी गांव निवासी अशोक कुमार यादव (40 वर्ष), पिता बम बम यादव के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, अशोक यादव मीरगंज स्टेशन स्थित रैक पॉइंट पर मजदूरी करने के बाद साइकिल से घर लौट रहे थे। रात करीब 10 बजे जैसे ही वह जिगना चौक के पास पहुंचे, किसी अज्ञात चार पहिया वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और वाहन मौके से फरार हो गया।
हादसे में अशोक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही बड़हरिया थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सीवान भेज दिया।
थानाध्यक्ष रुपेश कुमार वर्मा ने बताया कि अब तक परिजनों द्वारा कोई लिखित आवेदन नहीं दिया गया है। आवेदन मिलने के बाद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।