एक दिन में रिकॉर्ड 1,082 आकांक्षाएं दर्ज, महिला संवाद बना बदलाव का सशक्त मंच

सीवान में 5,698 महिलाओं ने उठाई आवाज, 27,089 तक पहुँची सामुदायिक मांगें प्रदान

सीवान :- जिले में शुक्रवार को “महिला संवाद कार्यक्रम” की एक और मजबूत कड़ी जुड़ी, जब विभिन्न प्रखंडों में आयोजित कार्यक्रमों में कुल 5,698 महिलाओं ने अपनी भागीदारी दर्ज कराई। यह कार्यक्रम ग्रामीण महिलाओं की आकांक्षाओं को नीति और योजनाओं से जोड़ने का सशक्त माध्यम बनकर उभर रहा है।

एक दिन में दर्ज हुईं 1,082 सामुदायिक आकांक्षाएं

महिला संवाद की बड़ी उपलब्धि यह रही कि महज एक दिन में 1,082 सामुदायिक आकांक्षाएं MIS पोर्टल पर दर्ज की गईं। इसके साथ ही अब तक दर्ज आकांक्षाओं की कुल संख्या 27,089 पहुँच चुकी है। यह आंकड़ा बताता है कि महिलाएं अब केवल योजनाओं की लाभार्थी नहीं, बल्कि भागीदार और मार्गदर्शक की भूमिका में आ रही हैं

इन पंचायतों में हुआ आयोजन

शुक्रवार को निम्नलिखित ग्राम संगठनों ने संवाद कार्यक्रम आयोजित किए

  • हसनपुरा प्रखंड: हरपुरकोटवा पंचायत, देविका ग्राम संगठन
  • आंदर प्रखंड: पतार पंचायत, सूर्य ग्राम संगठन
  • नौतन प्रखंड: अंगौता पंचायत, भारत ग्राम संगठन
  • गुठनी प्रखंड: सोनहूला पंचायत, विकास जीविका महिला ग्राम संगठन
  • रघुनाथपुर प्रखंड: गंभीरार पंचायत, हिमालय ग्राम संगठन (द्वितीय पाली)

महिलाओं ने रखीं जमीनी मुद्दों पर बातें

इन कार्यक्रमों में महिलाओं ने खुलकर अपने विचार रखे और स्थानीय मुद्दों पर प्रशासन का ध्यान आकृष्ट किया। प्रमुख रूप से स्थानीय रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाएं, पेंशन, प्रधानमंत्री आवास, राशन कार्ड, और नल-जल योजना से जुड़ी समस्याएं और सुझाव सामने आए।

प्रशासनिक भागीदारी से बढ़ा भरोसा

एक नई पहल के तहत अब जिला और प्रखंड प्रशासन भी महिला संवाद में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। जिलाधिकारी के निर्देश पर दर्ज आकांक्षाओं को प्रतिदिन विभागवार भेजा जा रहा है, ताकि त्वरित और ठोस कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके। इससे न केवल पारदर्शिता बढ़ी है, बल्कि महिलाओं की बात सीधे विभागीय कार्रवाई से जुड़ रही है

महिलाओं की आवाज बन रहा महिला संवाद

यह कार्यक्रम अब एक सरकारी औपचारिकता नहीं, बल्कि स्थानीय लोकतंत्र और नीतिगत भागीदारी का जीवंत उदाहरण बन चुका है। महिलाओं को अब यह भरोसा हो चला है कि उनकी आवाज कागज़ों तक नहीं, बजट और क्रियान्वयन तक पहुँच रही है।

सीवान प्रशासन और जीविका की साझी पहल सराहनीय

जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कन्हैया कुमार ने बताया कि महिला संवाद कार्यक्रम महिलाओं को निर्णय लेने की प्रक्रिया में भागीदार बना रहा है। यह अब केवल सामाजिक मंच नहीं, बल्कि शासन और प्रशासन के लिए भी एक मार्गदर्शक बनता जा रहा है

Leave a Comment