नगर विकास मंत्री जीवेश मिश्रा ने किया स्व. रघुबीर सिंह के निवास का दौरा, भावुक पलों के साथ जुड़े पुराने रिश्ते
सिवान। स्वतंत्रता सेनानी व पूर्व पार्षद स्व. रघुबीर सिंह के सिवान जिला मुख्यालय स्थित आवास पर शनिवार देर रात बिहार सरकार के नगर विकास मंत्री जीवेश कुमार मिश्रा पहुंचे। उन्होंने स्व. सिंह के परिजनों से मुलाकात कर पुराने संबंधों को ताजा किया और अनेक भावुक क्षण साझा किए।
इस गरिमामय अवसर का संयोजन लोकतंत्र सेनानी परिषद के जिला अध्यक्ष एवं सेवानिवृत्त शिक्षक जनक देव तिवारी ने किया। उन्होंने मंत्री मिश्रा का पारंपरिक अंगवस्त्र से स्वागत किया।
कार्यक्रम के दौरान रघुबीर सिंह पुस्तकालय सह वाचनालय परिवार की ओर से युवाओं में धार्मिक एवं सांस्कृतिक चेतना जगाने के उद्देश्य से तैयार कार्ययोजना के तहत मंत्री मिश्रा ने 108 रामचरितमानस और श्रीमद्भगवद्गीता की प्रतियों का वितरण किया। पुस्तकालय अध्यक्ष कुमार आशुतोष ने बताया कि यह पहल युवाओं को आध्यात्मिक मूल्यों से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मंत्री जीवेश मिश्रा ने कहा, “स्व. रघुबीर सिंह के परिवार से मेरा 25 वर्षों का आत्मीय संबंध रहा है। मैं स्वयं को उनके परिवार का हिस्सा मानता हूं। यहां आकर बच्चों से मिलना, उन्हें मार्गदर्शन देना मेरा नैतिक दायित्व है। मैं जल्द ही दोबारा आने का वादा करता हूं।”
इस अवसर पर बिहार राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ (सिवान शाखा) के कार्यकारी प्रधान सचिव विश्वमोहन कुमार सिंह, जिला प्रवक्ता कुमार राजकपूर टीपू, पूर्व जिला पार्षद अजय पासवान, डॉ. श्रेया शाही समेत कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। स्मृति स्मारक समिति के दर्जनों सदस्यों ने भी मंत्री का स्वागत किया।
मौके पर दवा विक्रेता संघ, सिवान इकाई द्वारा भी नगर विकास मंत्री का हार्दिक अभिनंदन किया गया।