बिहार में मजदूरों का पलायन नहीं रुका तो करूंगा आंदोलन

बिहार में मजदूरों का पलायन नहीं रुका तो करूंगा आंदोलन: रणविजय सिंह

बिहार से हो रहे लगातार मजदूरों के पलायन को लेकर झारखंड मजदूर यूनियन संघ के महासचिव रणविजय सिंह ने बिहार सरकार पर कड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि अगर जल्द ही बिहार में मजदूरों के लिए रोजगार की व्यवस्था नहीं की गई, तो वे बिहार में भी मजदूर यूनियन बनाकर बड़ा आंदोलन शुरू करेंगे।

रणविजय सिंह मूल रूप से छपरा के अदूपुर गांव के निवासी हैं। वे स्वतंत्रता सेनानी शहीद सकलदेव सिंह के पुत्र हैं और फिलहाल झारखंड में मजदूर यूनियन संघ के महासचिव के पद पर कार्यरत हैं।

उन्होंने कहा, “जब बिहार और झारखंड एक थे, तब भी हमें रोजगार के लिए झारखंड जाना पड़ा। आज बिहार के विभाजन को इतने साल बीत गए, लेकिन हालात अभी भी नहीं बदले। बिहार से लगातार मजदूरों का पलायन हो रहा है। यह राज्य के लिए बेहद शर्मनाक और चिंता की बात है।”

रणविजय सिंह ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते हुए कहा, “नीतीश बाबू हर मंच से दावा करते हैं कि वे बिहार में रोजगार देंगे, उद्योग लगाएंगे, लेकिन हकीकत में सब कुछ कागजों तक ही सीमित है। जमीनी स्तर पर मजदूरों को कोई फायदा नहीं मिल रहा।”

उन्होंने चेतावनी दी कि अगर यह स्थिति जल्द नहीं बदली तो बिहार देश के सबसे पिछड़े और गरीब राज्यों में गिना जाएगा। अंत में उन्होंने कहा, “अगर सरकार ने मजदूरों के लिए ठोस कदम नहीं उठाए तो मैं बिहार में भी यूनियन बनाकर आंदोलन करूंगा और मजदूरों की आवाज बुलंद करूंगा।”

Leave a Comment