जनहित में उठाया गया यह कदम न केवल परिवहन व्यवस्था को सुचारू बनाएगा, बल्कि प्रवासी बिहारियों को अपने परिवारों के साथ त्योहारों की खुशियां मनाने में बड़ी राहत देगा।
पटना, 25 जून 2025।
बिहार सरकार ने राज्यवासियों को एक बड़ी सौगात दी है। हर साल छठ, होली, दीपावली और दुर्गा पूजा जैसे प्रमुख पर्व-त्योहारों के समय दिल्ली, पंजाब, हरियाणा, उत्तर प्रदेश और पश्चिम बंगाल से बड़ी संख्या में प्रवासी बिहार लौटते हैं, लेकिन उन्हें टिकट और यातायात साधनों की भारी किल्लत का सामना करना पड़ता है। ऐसे में सरकार ने उनकी परेशानी कम करने के लिए बड़ा कदम उठाया है।
निर्णय को राज्य मंत्रिपरिषद ने 24 जून 2025 को हुई बैठक में औपचारिक मंजूरी दी।
मुख्यमंत्री ने अपने आधिकारिक फेसबुक पेज पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि अब पर्वों के दौरान बिहार आने-जाने में लोगों को ज्यादा कठिनाई नहीं झेलनी पड़ेगी। सरकार ने 299 नई अंतर्राज्यीय बसों के संचालन को मंजूरी दी है, जिनमें 75 वातानुकूलित (ए॰सी॰) और 74 डीलक्स बसें शामिल हैं। इसके लिए राज्य सरकार 105.82 करोड़ रुपये खर्च करेगी।
इतना ही नहीं, लोक-निजी भागीदारी (PPP) मॉडल के तहत 150 अतिरिक्त ए॰सी॰ बसें भी चलाई जाएंगी, जिससे कुल बसों की संख्या 299 हो जाएगी। ये बसें बिहार से जुड़े प्रमुख अंतर्राज्यीय मार्गों पर संचालित होंगी और हजारों यात्रियों को सीधी सुविधा मिलेगी।
इसके अलावा, राज्य सरकार केंद्र सरकार से यह भी आग्रह करेगी कि पर्व-त्योहारों के दौरान विशेष ट्रेनों की संख्या बढ़ाई जाए ताकि रेल यात्रियों को भी पर्याप्त सीटें उपलब्ध हो सकें।