राज्यभर में 26 से 28 मई तक चलेगा आयुष्मान कार्ड बनाने का विशेष अभियान, 70 साल से ऊपर के बुजुर्गों को भी मिलेगा लाभ
सीवान।
राज्य सरकार द्वारा आयुष्मान भारत – प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना (AB-PMJAY) और मुख्यमंत्री जन आरोग्य योजना (MM-JAY) के तहत पात्र लाभार्थियों को आयुष्मान कार्ड से आच्छादित करने के लिए 26 मई से 28 मई 2025 तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इस अभियान के दौरान हर पात्र परिवार को सालाना 5 लाख रुपये तक की निःशुल्क चिकित्सा सुविधा देने के लिए आयुष्मान कार्ड बनाए जाएंगे।
इस विशेष अभियान की जानकारी देते हुए जिलाधिकारी मुकुल कुमार गुप्ता ने बताया कि 70 वर्ष या उससे अधिक उम्र के सभी वरिष्ठ नागरिकों को, चाहे उनकी आर्थिक-सामाजिक स्थिति कुछ भी हो, ‘आयुष्मान वय वंदना कार्ड’ से आच्छादित किया जाएगा। इसके लिए पंचायत सरकार भवन, प्रखंड कार्यालय, अनुमंडल कार्यालय, समाहरणालय, पार्क और मॉर्निंग वॉक जैसे स्थानों पर डेडिकेटेड काउंटर लगाए जाएंगे।
मुख्य सचिव ने की तैयारी की समीक्षा
22 मई को इस अभियान की तैयारी को लेकर मुख्य सचिव, बिहार की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सभी जिला पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि वे छूटे हुए लाभार्थियों का कार्ड बनवाना सुनिश्चित करें। इसके साथ ही सभी जिलों के लिए लक्ष्य निर्धारित किए गए हैं।
CSC-VLE, आशा, PREA मिलकर बनाएंगे कार्ड
कार्ड निर्माण की प्रक्रिया में कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) के वीएलई, आशा कार्यकर्ता, पंचायती राज कार्यपालक सहायक (PREA) और अन्य ऑपरेटरों की महत्वपूर्ण भूमिका होगी।
प्रचार-प्रसार और सहयोग पर जोर
अभियान के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार करवाया जाएगा। इसके साथ ही पंचायती राज निकायों के जन प्रतिनिधियों, बिहार स्वास्थ्य सुरक्षा समिति की जिला स्तरीय कार्यकारिणी परिषद, तथा नगर निकायों से शिविर के सफल संचालन में सहयोग की अपील की जाएगी।
Beneficiary Login के जरिए Ayushman App और पोर्टल से भी कार्ड निर्माण किया जा सकेगा। इसके लिए जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
जिला प्रशासन हुआ सक्रिय
इस अभियान को सफल बनाने के लिए जिला प्रशासन, सिविल सर्जन, जिला सूचना एवं जन संपर्क पदाधिकारी, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, अनुमंडल पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, DPC और DITM को दायित्व सौंपे गए हैं।
बैठक में अधिकारियों ने जताया संकल्प
गुरुवार को हुई बैठक में सीवान जिलाधिकारी के साथ अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी भी उपस्थित रहे। जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कन्हैया कुमार ने बताया कि यह अभियान जिले के हर पात्र नागरिक तक स्वास्थ्य सुरक्षा पहुंचाने की दिशा में एक मजबूत कदम है।