सीवान | संवाददाता
भारत के प्रथम प्रधानमंत्री और आधुनिक भारत के शिल्पकार पंडित जवाहरलाल नेहरू की 61वीं पुण्यतिथि के अवसर पर मंगलवार को जिला कांग्रेस कार्यालय, सीवान में श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला कांग्रेस अध्यक्ष सुशील कुमार ने की। इस मौके पर पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं ने नेहरू के ऐतिहासिक योगदान को याद किया और उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की।
देश को आधुनिक सोच और लोकतांत्रिक संस्थाओं की दी दिशा
पूर्व जिलाध्यक्ष शिवधारी दुबे ने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि पंडित नेहरू केवल एक राजनेता नहीं, बल्कि दूरदर्शी विचारक थे। उन्होंने जेल में रहते हुए अपनी बेटी इंदिरा गांधी को जो पत्र लिखे, उनमें मानव सभ्यता, विज्ञान और समाज पर आधारित विचार आज भी नई पीढ़ी के लिए मार्गदर्शक हैं।
विज्ञान और समाजवाद की मजबूत नींव
पूर्व अध्यक्ष डॉ. विधु शेखर पाण्डेय ने कहा कि नेहरू ने देश को वैज्ञानिक सोच और सामाजिक समानता की राह पर आगे बढ़ाया। उन्होंने IITs, AIIMS जैसे संस्थानों की स्थापना कर आधुनिक भारत के निर्माण की नींव रखी।
भारत को दिलाया वैश्विक पहचान
कांग्रेस नेता मेराज अहमद ने कहा कि पंडित नेहरू के नेतृत्व में भारत ने गुट निरपेक्ष आंदोलन की अगुवाई की, जिससे भारत को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर स्वाभिमान और संतुलन के साथ खड़ा होने का अवसर मिला।
नेहरू की सोच से असहज है आज की सत्ता: हाफिज जुबैर
कार्यक्रम में बोलते हुए नेता हाफिज जुबैर ने कहा कि नेहरू का समाजवादी मॉडल आज की सत्ता को खटकता है, क्योंकि उन्होंने सार्वजनिक संसाधनों को आम जनता की भलाई के लिए सुरक्षित रखने की नीति अपनाई थी, जबकि आज निजीकरण की अंधी दौड़ चल रही है।
कार्यक्रम में शामिल हुए कई वरिष्ठ कांग्रेस नेता
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में बृज किशोर सिंह, पूनम सिंह, कमलेश सिंह बच्चू, इन्दु देवी, भाग्य भारती, अलाउद्दीन अहमद, शाश्वत शेखर, इमाम सफर, कलावती देवी, अहमद नवाज़, मेहरूनिस्सा, राजा राम और पुष्पा कुमारी सहित अनेक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।