जनता दरबार में 65 शिकायतों पर हुई सुनवाई, डीएम ने अधिकारियों को दिए त्वरित समाधान के निर्देश

समाहरणालय सभागार में “जिला पदाधिकारी जनता के दरबार में” कार्यक्रम का आयोजन, लोगों ने रखी अपनी समस्याएं

सीवान। शुक्रवार को सीवान समाहरणालय के सभागार में “जिला पदाधिकारी जनता के दरबार में” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस विशेष जनसुनवाई कार्यक्रम में जिलाधिकारी मुकुल कुमार गुप्ता ने स्वयं आम लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके समाधान हेतु संबंधित विभागों के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए।

इस अवसर पर जिले के विभिन्न प्रखंडों से आए कुल 65 आवेदकों ने अपने परिवाद पत्र प्रस्तुत किए। आवेदनों में भूमि विवाद, पेंशन से जुड़ी समस्याएं, शिक्षा, स्वास्थ्य, राशन वितरण, सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं मिलना, राजस्व विभाग से जुड़े मामले, मजदूरी भुगतान, और शस्त्र नवीकरण जैसी अनेक समस्याएं सामने आईं।

डीएम ने प्रत्येक आवेदक की समस्या को गंभीरता से सुना और विभागवार संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी मामलों का निस्तारण नियमानुसार व समयबद्ध ढंग से किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही या टालमटोल की शिकायत मिलने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इन विभागों से जुड़ी थीं समस्याएं
शिकायतें मुख्य रूप से निम्नलिखित विभागों से संबंधित थीं:
उप विकास आयुक्त कार्यालय
श्रम अधीक्षक
आपूर्ति शाखा
अंचल अधिकारी (सिवान सदर, हुसैनगंज, पचरुखी, दरौंदा, दरौली, गोरियाकोठी, भगवानपुर हाट, महाराजगंज, आंदर, हसनपुरा)
सिविल सर्जन कार्यालय
अनुमंडल पदाधिकारी (सदर और महाराजगंज)
जिला पंचायती राज शाखा
प्रखंड विकास पदाधिकारी
जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (आईसीडीएस)
जिला शिक्षा पदाधिकारी
जिला भू-अर्जन पदाधिकारी
भूमि सुधार उप समाहर्ता
बैंकिंग शाखा
बाल संरक्षण पदाधिकारी
नजारत, स्थापना एवं शस्त्र शाखा आदि।


डीएम ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिन मामलों में ऑन-द-स्पॉट समाधान संभव है, वहां त्वरित कार्रवाई की जाए, और बाकी मामलों में निर्धारित समयसीमा के भीतर निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन आम जनता के साथ है और सरकार की मंशा है कि हर व्यक्ति को समय पर न्याय व सुविधा मिले।

जनता को मिला भरोसा
जनता दरबार में आए कई फरियादियों ने जिला प्रशासन के इस प्रयास की सराहना की। उनका कहना था कि सीधे डीएम से अपनी बात कहने का मौका मिलने से उम्मीद जगी है कि उनकी वर्षों पुरानी समस्याओं का अब समाधान होगा।

जनसंपर्क अधिकारी कन्हैया कुमार ने बताया कि “जिला पदाधिकारी जनता के दरबार में” कार्यक्रम का उद्देश्य लोगों की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर सुनना और उनका समाधान सुनिश्चित करना है। इससे प्रशासन और आम जनता के बीच संवाद बेहतर होता है तथा विश्वास भी बढ़ता है।

Leave a Comment