सीवान।
बाढ़ की संभावित आशंका को देखते हुए जिला प्रशासन सतर्क हो गया है। गुरुवार को जिला पदाधिकारी मुकुल कुमार गुप्ता ने जिला आपदा प्रबंधन शाखा का औचक निरीक्षण कर तैयारियों की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान डीएम ने संबंधित अधिकारियों को कई महत्वपूर्ण निर्देश दिए ताकि आपदा से पहले सभी जरूरी व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं।
डीएम ने आपदा शाखा में रखे पॉलिथीन सीट्स और लाइफ जैकेट्स की उपलब्धता की जानकारी ली और निर्देश दिया कि सभी अंचलाधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी आपसी समन्वय से इनकी पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता सुनिश्चित करें। उन्होंने नाविकों के साथ अनुबंध (एकरारनामा) की स्थिति की समीक्षा के लिए भी अंचलाधिकारियों को निर्देशित किया।
बाढ़ के दौरान किसानों को राहत देने हेतु आकस्मिक फसल योजना से जुड़ी जानकारी को जिला कृषि पदाधिकारी के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में जल निकासी सुनिश्चित करने हेतु सड़कों के वेंट की सफाई की रिपोर्ट कार्यपालक अभियंता, ग्रामीण कार्य विभाग प्रमंडल-1 और 2 तथा पथ निर्माण विभाग से मांगी गई है।
जानवरों के लिए चारा एवं पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था के संबंध में जिला पशुपालन पदाधिकारी से विस्तृत जानकारी ली जाएगी। वहीं, जिले में सक्रिय चापाकल एवं नलकूपों की अद्यतन स्थिति की जानकारी कार्यपालक अभियंता, पीएचईडी और लघु सिंचाई विभाग से लेने के निर्देश दिए गए हैं।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता, आपदा प्रबंधन विभाग सिवान एवं सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
इस संदर्भ में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी कन्हैया कुमार ने बताया कि बाढ़ जैसी आपदा से निपटने को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सजग है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए सभी विभागों को समुचित दिशा-निर्देश दिए जा चुके हैं।