राजनीतिक रणनीतिकार और जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर 23 से 27 मई तक सीवान में रहेंगे और ‘जन सुराज बिहार बदलाव यात्रा’ के तहत जन संवाद और जनसभाओं के माध्यम से बदलाव की अलख जगाएंगे। इसी क्रम में गुरुवार को मैरवा के जन सुराज कार्यालय पर एक अहम बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें यात्रा की तैयारियों और कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता जन सुराज की प्रदेश कार्य समिति के सदस्य मुन्ना पांडेय ने की। इस दौरान सगीर अहमद, वृंदा लाल कुशवाहा, मुर्तजा अंसारी, कृष्णा पासवान, संजय राम, रवि शंकर जाधव, भगवान सिंह कुशवाहा समेत दर्जनों पदाधिकारी उपस्थित रहे।
26 मई को मैरवा के बभनौली में जनसभा
मुन्ना पांडेय ने बताया कि यात्रा के दौरान 26 मई को शाम 6 बजे मैरवा प्रखंड के बभनौली गांव में एक जनसभा का आयोजन किया जाएगा, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों के जुटने की संभावना है।
27 मई को जीरादेई में डॉ. राजेंद्र प्रसाद को श्रद्धांजलि
इसके बाद 27 मई को प्रशांत किशोर मैरवा नगर पंचायत, नौतन, बैंका मोड़ और तीतरा होते हुए भारत के प्रथम राष्ट्रपति डॉ. राजेंद्र प्रसाद के पैतृक गांव जीरादेई पहुंचेंगे। वहां वे उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
बढ़ेया गांव में दोपहर 1 बजे विशाल जनसभा
जीरादेई यात्रा के बाद 27 मई को दोपहर 1 बजे जीरादेई प्रखंड के बढ़ेया गांव में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया जाएगा। इसके जरिए प्रशांत किशोर सीवान में जन सुराज की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाएंगे। इस कार्यक्रम के समापन के बाद वे सीवान के अन्य क्षेत्रों की ओर रवाना होंगे।
जन सुराज की यह यात्रा न केवल लोगों से संवाद का माध्यम बनेगी, बल्कि यह बिहार में बेहतर शासन और जवाबदेही वाली राजनीति की दिशा में एक मजबूत कदम भी माना जा रहा है।