भतीजी की बारात आने से पहले उठी बड़े पापा की अर्थी, शादी का माहौल बदला मातम में

सीवान/सिसवन :
प्रखंड क्षेत्र के महानगर गांव में मंगलवार की अहले सुबह एक हृदयविदारक घटना घटित हो गई, जिसने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। गांव निवासी 50 वर्षीय घिनावन राम की अचानक हार्ट अटैक से मौत हो गई। वे सुबह खेत की ओर शौच के लिए गए थे, तभी अचानक उन्हें दिल का दौरा पड़ा और वे वहीं गिर पड़े।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उन्हें उठाकर घर लाए, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। मौत की खबर सुनते ही परिजन चीख-पुकार करने लगे। पूरे गांव में मातम का माहौल छा गया। यह दुखद घटना ऐसे समय में घटी जब घर में शादी की तैयारियां पूरे जोरों पर थीं।


घिनावन राम की भतीजी की बारात अगले दिन आने वाली थी। पूरे परिवार के साथ वे भी तैयारियों में लगे थे। सुबह उन्होंने घरवालों को जगाया, घर और आंगन की सफाई की बात कही और फिर खुद शौच के लिए निकले थे। लेकिन किसे पता था कि यह उनकी अंतिम सुबह होगी।

घिनावन राम झारखंड के बोकारो में रहकर मजदूरी करते थे और वहीं से अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके छोटे भाई लालबाबू राम सिसवन चैनपुर में सिलाई का काम करते हैं। शादी की तैयारी में दोनों परिवार जुटे हुए थे, लेकिन इस दर्दनाक घटना ने खुशियों को गम में बदल दिया।

गांव में यह खबर जंगल की आग की तरह फैल गई। लोग हैरान थे और एक ही बात कह रहे थे — “अब बारात कौन संभालेगा?”

मौत की खबर सुनते ही जुटे ग्रामीणों की भीड़

सूचना मिलते ही स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं समाजसेवक परिजनों के घर पहुंचे और ढाढ़स बंधाया। प्रखंड प्रमुख धर्मेंद्र साह, सरपंच लोहा सिंह उर्फ मनोरंजन सिंह, बीडीसी प्रतिनिधि राजू महतो, समाजसेवी भूपेंद्र भारती, कमलेश बौद्ध, विकास मित्र मिथिलेश कुमार, बलिंदर यादव, महेश राम, वीरेंद्र राम, मुनीलाल राम, चिन्नवन राम आदि लोगों ने परिजनों को हर संभव सहायता का आश्वासन दिया।

वहीं, जिला परिषद सदस्य ब्रजेश कुमार सिंह ने भी शोक संतप्त परिवार से मुलाकात की और उन्हें आर्थिक सहयोग प्रदान किया। उन्होंने कहा कि इस विपत्ति की घड़ी में समाज और प्रशासन परिवार के साथ है और शादी की तैयारियों में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

Leave a Comment